
लखनऊ 24 Feb 2022 07:30 AM

सबसे ज्यादा मतदान 11 से एक बजे के बीच
सुबह नौ से 11 बजे के बीच 13 फीसदी फिर 11 से एक के बीच 14 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद ग्राफ नीचे आता चला गया। एक बजे से तीन के बीच में 12 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद तीन बजे से पांच बजे के बीच सात फीसदी ही मतदान हुआ।
राजधानी लखनऊ में निर्वाचन आयोग और प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद मतदान का प्रतिशत अपने लक्ष्य से काफी पिछड़ गया। शाम सात बजे तक 60.05 मतदान ही दर्ज किया गया, जो जिले के लिए तय किए गए 80 फीसदी के लक्ष्य से करीब 20 फीसदी कम रह गया। सभी नौ विधान सभा सीटों पर ग्रामीण इलाकों के मतदाता शहरी से आगे निकले। शाम तक मोहनलालगंज का 67.48 और मलिहाबाद 66.1 को पार कर चुका था। देर रात तक बूथों से मतों की संख्या का जोड़ गणित जारी रहा। अब राजनीतिक दल और उनके रणनीतिकार यह अंदाज लगाने में जुटे हैं कि शहर से ज्यादा गांवों में मतदान का फायदा किसे होगा और किसे नुकसान?
कई बूथों पर तो सुबह कुछ मतदाता दिखे लेकिन दोपहर बाद संख्या घट गई। लखनऊ पूर्व, लखनऊ कैंट और सरोजनीनगर के कई बूथ शाम तक सूने हो गए। मोहनलालगंज के कुछ बूथों पर शाम वोटरों की संख्या कुछ बढ़ी मगर सुबह से वोटरों के घर से निकलने की रफ्तार काफी कम रही। इस बार सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया था लेकिन नौ बजे तक 8.19 फीसदी ने ही वोट डाला। दिन में 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 21.42 पर पहुंचा। शाम पांच बजे 54.98 प्रतिशत पर आया। शाम सात बजे तक सबसे कम वोट लखनऊ मध्य का 51.12 रहा। शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 54.8 उत्तर में मत पड़े।